कच्चे तेल में नरमी से सेंसेक्स 1,233 अंक उछला

कच्चे तेल में नरमी से सेंसेक्स 1,233 अंक उछला

मुंबई, 02 नवंबर । अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में नरमी से घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को लिवाली का जोर रहा और बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,200 अंक से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ।सेंसेक्स सुबह 719 अंक ऊपर 75,178 अंक पर खुला था। कारोबार की समाप्ति तक 1,233.25 अंक (1.66 प्रतिशत) की मजबूती के साथ 75,692.78 अंक पर पहुंचने के बाद उसी स्तर पर बंद हुआ। यह इस साल 07 सितंबर के बाद का इसका उच्चतम स्तर है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी-50 सूचकांक का ग्राफ भी लगभग इसी तरह रहा। यह 387.70 अंक यानी 1.66 प्रतिशत ऊपर 23,440 अंक पर बंद हुआ। यह निफ्टी-50 का 23 सितंबर के बाद का उच्चतम स्तर है।मजबूत तिमाही परिणाम के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में 11 प्रतिशत से अधिक का उछाल देखा गया।

कच्चे तेल का ब्रेंट क्रूड वायदा सवा चार प्रतिशत से अधिक टूटकर फिलहाल 108.5 डॉलर प्रति बैरल के करीब है। इससे घरेलू बाजार में निवेश धारणा मजबूत हुई है। साथ ही कंपनियों के अच्छे तिमाही परिणाम का असर भी बाजार में दिख रहा है।वृहत बाजार में भी सभी सूचकांक हरे निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.24 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.71 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

सेक्टर आधारित सूचकांकों में तेल एवं गैस सेक्टर में सबसे ज्यादा 5.95 प्रतिशत की तेजी देखी गई। धातु समूह का सूचकांक 3.21 फीसदी, सीमेंट का 2.92, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद का 2.70, रसायन का 1.71, ऑटो का 1.33 और रियल्टी का 1.03 प्रतिशत ऊपर रहा। सुबह बढ़त में रहने के बाद बाद में आईटी, मीडिया और फार्मा सेक्टरों के सूचकांक अंत में गिरावट में रहे।एनएसई में जिन 3,713 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,445 के शेयर ऊपर और 1,164 के गिरावट में रहे। अन्य 104 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 23 के शेयरों में तेजी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 11.64 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। टाटा स्टील में 5.64 फीसदी, अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.75, भारतीय स्टेट बैंक में 2.71, एनटीपीसी में 2.37, मारुति सुजुकी में 2.16, बजाज फाइनेंस में 2.02 और एलएंडटी में दो प्रतिशत की तेजी रही।बीईएल का शेयर 1.91 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.72, एशियन पेंट्स का 1.43, बजाज फाइनेंस का 1.27, इंडिगो का 1.21 और एचडीएफसी बैंक का 1.04 प्रतिशत ऊपर रहा। महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट, भारती एयरटेल, पावरग्रिड, टाइटन और अडानी पोर्ट्स के शेयर भी हरे निशान में रहे।

इंफोसिस में सबसे अधिक 1.61 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा, एक्सिस बैंक और टेक महिंद्रा के शेयर भी लाल निशान में रहे।वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 1.08 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.42 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। जापान का निक्केई 0.33 फीसदी टूट गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.31 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.07 प्रतिशत ऊपर था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit