‘रामायण’ के सेट पर काम करने का अनुभव कुणाल कपूर ने किया साझा, निर्माताओं का जताया आभार

‘रामायण’ के सेट पर काम करने का अनुभव कुणाल कपूर ने किया साझा, निर्माताओं का जताया आभार

मुंबई, 07 नवंबर । अभिनेता कुणाल कपूर ने फिल्म ‘रामायण’ में भगवान इंद्र की भूमिका निभाने के अनुभव को साझा करते हुए फिल्म के निर्माताओं और पूरी टीम का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इस भव्य फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा और इससे उन्हें बड़े सपने देखने तथा उन्हें साकार करने के जुनून के बारे में बहुत कुछ सीखने को मिला।नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ में भगवान इंद्र के किरदार में कुणाल कपूर के अभिनय को दर्शकों की सराहना मिल रही है। इसी बीच अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपने किरदार की कुछ बिहाइंड द सीन (बीटीएस) तस्वीरें साझा करते हुए एक भावुक संदेश लिखा।कुणाल ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी का उन पर भरोसा जताने और भगवान इंद्र जैसे महत्वपूर्ण किरदार के लिए चुनने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कास्टिंग निर्देशक मुकेश छाबड़ा को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने इस भूमिका के लिए उनमें भगवान इंद्र की छवि देखी।

कुणाल कपूर ने अपने पोस्ट में लिखा कि फिल्म को बनते हुए देखना उनके लिए विशेष अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि इस फिल्म से उन्हें समझने का मौका मिला कि जब लोग छोटे सपने देखने से इनकार करते हैं और अपने लक्ष्य को लेकर पूरा विश्वास रखते हैं, तो किस तरह एक-एक ईंट और एक-एक फ्रेम के साथ अपने सपने को हकीकत में बदलते हैं। इस पूरी यात्रा में प्यार, जुनून और विश्वास की अहम भूमिका रही है।कुणाल ने फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू, तकनीशियनों, मेकअप कलाकारों, कॉस्ट्यूम डिजाइनरों तथा पर्दे के पीछे काम करने वाले सभी लोगों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर किसी फिल्म का निर्माण करने के लिए काफी मेहनत की जरूरत होती है। इसमें छोटी से छोटी चीज भी मायने रखती है और पूरी टीम का समर्पण फिल्म में साफ नजर आता है।

फिल्म में भगवान इंद्र के रूप में कुणाल कपूर के अभिनय को मिल रही सराहना के बीच दर्शक उनके किरदार पर अलग फिल्म बनाने की मांग भी कर रहे हैं। कुछ दर्शकों ने इसके लिए क्राउडफंडिंग करने की इच्छा भी जताई है।नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ इन दिनों सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit