ग्रेट निकोबार परियोजना के विरोध में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान शुरू

ग्रेट निकोबार परियोजना के विरोध में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान शुरू

लखनऊ, 08 जून। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ग्रेट निकोबार में प्रस्तावित मेगा परियोजना के खिलाफ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे अभियान का समर्थन करते हुए सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की।

प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी बयान के अनुसार अंडमान-निकोबार के जंगलों, पर्यावरण और आदिवासी समुदायों के संरक्षण के मुद्दे पर पूरे प्रदेश में जागरूकता एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए ‘‘ग्रीन ओवर ग्रीड’’ (हरियाली बनाम लालच) अभियान के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है।

इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि ग्रेट निकोबार में प्रस्तावित मेगा परियोजना केवल विकास का विषय नहीं, बल्कि देश की प्राकृतिक धरोहर, पर्यावरणीय संतुलन और आदिवासी समुदायों के अस्तित्व से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस इस अभियान में पूरी तरह शामिल है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगभग 92 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना के तहत अंतरराष्ट्रीय ट्रांसशिपमेंट पोर्ट, एयरपोर्ट, पावर प्लांट और टूरिस्ट टाउनशिप विकसित कर रही है, जबकि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आईएनएस बाज के विस्तार और नेवल जेटी जैसी परियोजनाएं वर्षों से लंबित हैं।

श्री राय ने कहा कि राहुल गांधी की हालिया ग्रेट निकोबार यात्रा और स्थानीय शोम्पेन तथा निकोबारी समुदायों से मुलाकात के बाद यह मुद्दा और गंभीरता से सामने आया है। उनके अनुसार प्रस्तावित परियोजना से बड़े पैमाने पर वन क्षेत्र प्रभावित होगा तथा पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभाव पड़ने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन आवश्यक है तथा किसी भी परियोजना में स्थानीय समुदायों के हितों और पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने घोषणा की कि राज्य के सभी जिलों में इस मुद्दे पर व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटियों को ब्लॉक स्तर तक अभियान पहुंचाने तथा युवाओं, छात्रों, पर्यावरण प्रेमियों और आम नागरिकों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के मुद्दे पर जनता के बीच जागरूकता फैलाने का कार्य जारी रखेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit