उप्र में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, पूर्वांचल में लू और कहीं-कहीं बारिश के आसार

उप्र में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, पूर्वांचल में लू और कहीं-कहीं बारिश के आसार

लखनऊ, 25 जून । उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां अभी भी सीमित बनी हुई हैं, जिसके कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ द्वारा गुरुवार को जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर लू तथा कुछ स्थानों पर भीषण लू चलने की संभावना है। राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना व्यक्त की गई है।

प्रदेश में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया। प्रयागराज 43.0 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश के सर्वाधिक गर्म शहरों में शामिल रहा, जबकि सुल्तानपुर में 42.9 डिग्री, लखीमपुर खीरी में 42.4 डिग्री, बलिया और फतेहपुर में 42.3 डिग्री तथा वाराणसी (बीएचयू) में 42.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। अधिकांश स्थानों पर तापमान सामान्य से चार से सात डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।राजधानी लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है। शहर में दिनभर गर्म हवाओं और उमस का असर बना रहा तथा वर्षा नहीं हुई।

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान परिस्थितियों में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचना चाहिए तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम की ताजा जानकारी और कृषि परामर्श के लिए मौसम विभाग के मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग करने की सलाह दी गई है।मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने तक गर्मी और लू से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में छिटपुट वर्षा और गरज-चमक की गतिविधियां स्थानीय स्तर पर तापमान में मामूली गिरावट ला सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *