
लखनऊ, 3 अगस्त । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उपचुनाव के परिणामों के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए दावा किया कि यह परिणाम युवाओं, अभिभावकों और आम जनता के आक्रोश का नतीजा हैं तथा इससे बदलाव की शुरुआत हो चुकी है।श्री यादव ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि “भगवान को नचाने का अहंकार रखने वालों को भगवान ने ही नचा दिया। अपने को भगवान से ऊपर समझने वालों को भगवान ने चलती गाड़ी से नीचे उतार दिया है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की एकजुटता और उनके अभिभावकों के आक्रोश के पीछे मतदाता सूची में गड़बड़ी, परीक्षा प्रश्नपत्र लीक, रोजगार, आरक्षण, भ्रष्टाचार, महंगाई, कथित मिलावट, महिलाओं के सम्मान और युवाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता के विश्वास और आस्था के साथ भी छल किया है।सपा अध्यक्ष ने भाजपा के संगठनात्मक नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उपचुनाव की हार उन लोगों की भी जिम्मेदारी है जिन्होंने नेतृत्व का चयन किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब भाजपा में भी इस्तीफे की मांग उठ सकती है। उन्होंने दावा किया कि यह “डबल इंजन की डबल हार” है और कहा कि भाजपा की परंपरागत रूप से मजबूत मानी जाने वाली सीटें भी अब सुरक्षित नहीं रह गई हैं। उनके अनुसार यह परिणाम भविष्य की राजनीति में बदलाव का संकेत हैं।
श्री यादव ने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए उनसे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने, सजग रहने और संविधान के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखने का आह्वान किया।गौरतलब है कि बिहार की बांकीपुर विधानसभा, मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट और गुजरात की एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ था। आज मतगणना के नतीजे सामने आए हैं जिसमे बिहार की बांकीपुर सीट से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर को जीत मिली है जबकि दतिया में कांग्रेस के प्रत्याशी को जीत मिली है। गुजरात की सीट पर भाजपा को सफलता मिली है।
बाक़ीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद ख़ाली हुई थी। यहाँ भाजपा की हार ने विरोधियों को एक बार फिर बोलने का मौक़ा दे दिया है।