
मुंबई, 28 अक्टूबर । रिलायंस इंडस्ट्रीज की दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स के बुधवार को शेयर बाजारों में सूचीबद्ध होने के साथ ही रिलायंस देश का सबसे बड़ा कारोबारी समूह बना गया है।जियो का शेयर 21 प्रतिशत से अधिक के प्रीमियम पर 1,358 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। इसके साथ ही रिलायंस समूह की सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 28.9 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस गणना में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज को शामिल नहीं किया गया है। अकेले रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 16.2 लाख करोड़ रुपये और जियो प्लेटफॉर्म्स का 12.5 लाख करोड़ रुपये है।
टाटा समूह अब पहले से खिसककर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। उसका बाजार पूंजीकरण 25.6 लाख करोड़ रुपये हैं। अडानी समूह 16.6 लाख करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर है। जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरधारकों की संख्या भी देश में सबसे ज्यादा है। कंपनी के कुल 79.8 लाख शेयरधारक हैं।एनएसई में आज सुबह आयोजित पारंपरिक ‘बेल-रिंगिंग’ समारोह में एनएसई के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार चौहान, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंधन निदेशक मुकेश अंबानी, जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी, श्रीमती कोकिला बेन अंबानी, श्रीमती नीता अंबानी, श्रीमती ईशा अंबानी और श्री अनंत अंबानी भी मौजूद थे।
जियो का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम 21-23 अक्टूबर को आया था। कुल 30,213 करोड़ रुपये के देश से सबसे बड़े आईपीओ के लिए 22 गुना से अधिक बोली प्राप्त हुई थी। शेयरों का आवंटन 26 अक्टूबर को किया गया था। एंकर निवेशकों को 19 अक्टूबर को 8,110 करोड़ रुपये के शेयरों का आवंटन किया गया था। आईपीओ में आवंटन 1,119 रुपये की ऊपरी सीमा पर हुआ था।