जियो का शेयर 21 प्रतिशत प्रीमियम के साथ हुआ सूचीबद्ध, आकाश अंबानी बोले यह शुरुआत है

जियो का शेयर 21 प्रतिशत प्रीमियम के साथ हुआ सूचीबद्ध, आकाश अंबानी बोले यह शुरुआत है

मुंबई, 28 अक्टूबर । रिलायंस इंडस्ट्रीज की दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर 21 प्रतिशत से अधिक प्रीमियम के साथ बुधवार को शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो गया।इस अवसर पर एनएसई में आयोजित पारंपरिक ‘बेल-रिंग’ समारोह में एनएसई के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार चौहान, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंधन निदेशक मुकेश अंबानी, जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी, श्रीमती कोकिला बेन अंबानी, श्रीमती नीता अंबानी, श्रीमती ईशा अंबानी और श्री अनंत अंबानी भी मौजूद थे।

श्री आकाश अंबानी ने कहा कि आईपीओ में लोगों ने जैसी रुचि दिखाई वह “हमारी उम्मीदों से कहीं अधिक” था। उन्होंने सभी घरेलू और वैश्विक निवेशकों को इसके लिए धन्यवाद दिया।उन्होंने कहा कि महज पहले 95 मिनट में ही जियो का आईपीओ 100 प्रतिशत सब्सक्राइब हो गया था। इसके लिए 7.5 लाख करोड़ रुपये की बोली मिली और 1.3 करोड़ से अधिक आवेदन आए। यह सब अभूतपूर्व था। उन्होंने कहा कि शेयर बाजार में सूचीबद्ध होना जियो की यात्रा का अंतिम पड़ाव नहीं बल्कि शुरुआती कदम है।

प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) में जियो के शेयर का आवंटन 1,119 रुपये की ऊपरी सीमा पर हुआ था। कंपनी का शेयर आज 239 रुपये यानी 21.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,358 रुपये पर खुला। खबर लिखे जाते समय तक यह उसी स्तर के आसपास बना हुआ था।जियो का आईपीओ 21-23 अक्टूबर को आया था। कुल 30,213 करोड़ रुपये के देश से सबसे बड़े आईपीओ के लिए 22 गुना से अधिक बोली प्राप्त हुई थी। शेयरों का आवंटन 26 अक्टूबर को कर दिया गया है। एंकर निवेशकों को 19 अक्टूबर को 8,110 करोड़ रुपये के शेयरों का आवंटन किया गया था।

श्री चौहान ने जियो प्लेटफॉर्म्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जियो प्लेटफॉर्म्स एनएसई पर सूचीबद्ध होने वाली 12वीं कंपनी है। इस साल अबतक 90 कंपनियों ने एनएसई पर आईपीओ के जरिये 90,000 करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी जुटाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit