भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का अमित शाह करेंगे उद्घाटन और योगी करेंगे समापन

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का अमित शाह करेंगे उद्घाटन और योगी करेंगे समापन

लखनऊ, 29 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में होगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बैठक का उद्घाटन करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समापन करेंगे।            बैठक की तैयारियों को लेकर गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश सहप्रभारी मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति के एजेंडे, प्रमुख विषयों और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं पर चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया गया।

पंकज चौधरी ने कहा कि संगठन को उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देना चाहिए, जहां पार्टी की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है। उन्होंने पंजीकरण, भोजन, यातायात और सजावट सहित सभी व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारी तय कर व्यवस्थित ढंग से काम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से भाजपा के संगठनात्मक कार्यों, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक निर्णयों तथा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े कार्यों को प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही पार्टी का आगामी एजेंडा घोषित किया जाएगा।प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने बैठक को अनुशासित, सुव्यवस्थित और संदेशपरक बनाने के लिए पूर्व तैयारी, सूक्ष्म प्रबंधन और टीम भावना के साथ काम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बैठक का संदेश पूरे प्रदेश में जाना चाहिए।

बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े, प्रदेश सहप्रभारी जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, वर्ष 2024 के लोकसभा प्रत्याशी, वर्ष 2022 के विधानसभा प्रत्याशी, क्षेत्रीय अध्यक्ष और महामंत्री, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट, सोशल मीडिया पदाधिकारी तथा अन्य प्रमुख संगठनात्मक पदाधिकारी भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit