रिजिजू ने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह को बताया ‘खतरनाक अर्बन नक्सल’

रिजिजू ने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह को बताया ‘खतरनाक अर्बन नक्सल’

नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर। केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह को ‘खतरनाक अर्बन दिमागी नक्सल’ करार दिया है और उनके विचारों को भारतीय लोकतंत्र के लिए बेहद हानिकारक बताया है।यह विवाद तब शुरू हुआ जब 76 वर्षीय अभिनेता श्री शाह ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट में कहा था, “ मैं फख्र के साथ कहता हूं कि मैं दिमागी नक्सल हूं।”

प्रसिद्ध अभिनेता ने यह कहकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था और उन्होंने छात्र विरोध-प्रदर्शनों, शिक्षा प्रणाली तथा लोकतंत्र की स्थिति को लेकर सरकार की आलोचना की थी, जिस पर श्री रिजिजू और कई भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

श्री रिजिजू ने अभिनेता पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्हें ‘खतरनाक अर्बन नक्सल’ और ‘विनाशकारी बुद्धिजीवी’ करार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “मैं नसीरुद्दीन शाह का सम्मान करता था और उन्हें पसंद करता था, यह सोचकर कि वह बस एक साधारण अभिनेता हैं। मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह एक खतरनाक अर्बन नक्सल और विनाशकारी बुद्धिजीवी हैं। मुझे उनके असली चरित्र का पता बहुत देर से चला। वह भारत के लोकतंत्र के लिए बेहद हानिकारक हैं।”श्री शाह ने वीडियो में कहा कि वह इस लेबल को अपनाने के लिए तैयार हैं और सरकार की आलोचना करने वाले लोगों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले शब्दों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “ मैं गर्व से कहता हूं कि मैं एक ‘दिमागी नक्सल’ हूं। मुझे नहीं पता कि इन ‘चौकीदारों’ ने मुझ जैसे लोगों को और क्या-क्या नाम दिए हैं, जैसे ‘राष्ट्र-विरोधी’, ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ और न जाने क्या-क्या।”

श्री शाह ने युवाओं और शिक्षण संस्थानों के प्रति सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए पूछा, “आप हमारे देश के युवाओं का हौसला तोड़ने, शिक्षा प्रणाली को बर्बाद करने और हमारे लोकतंत्र को खतरे में डालने के लिए और क्या-क्या करेंगे? आप कितना कुछ करेंगे? आप किस हद तक जाएंगे?”उनकी इन टिप्पणियों पर भाजपा नेताओं की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ नेताओं ने उन पर ‘चुनिंदा आलोचना’

करने का आरोप लगाया और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उनके रुख पर सवाल उठाए। महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने श्री शाह को ‘दिमागी नक्सली’ कहा और आरोप लगाया कि वह पाकिस्तान के विचार को बढ़ावा दे रहे हैं। श्री राणे ने फिल्म उद्योग में अभिनेता की विश्वसनीयता और प्रासंगिकता पर भी सवाल उठाए।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक बालमुकुंदाचार्य ने उन अभिनेताओं के बहिष्कार की अपील की, जिन पर उन्होंने देश-विरोधी ताकतों का साथ देने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “ मैं देश से गद्दारी करने वालों का बहिष्कार करूंगा। मैं आज से ही उनका बहिष्कार कर रहा हूं और देश की जनता से भी अपील करता हूं कि वे उन फिल्म अभिनेताओं का बहिष्कार करें जो देश-विरोधी ताकतों का साथ देते हैं। देश के खिलाफ बोलते हैं और लोगों को अशांति फैलाने के लिए उकसाते हैं।”विधायक ने लोगों से यह भी आग्रह किया कि वे ऐसे अभिनेताओं द्वारा प्रचारित फिल्मों, विज्ञापनों और उत्पादों का बहिष्कार करें। उन्होंने तर्क दिया कि सार्वजनिक हस्तियों को अपनी जिम्मेदारियों का ध्यान रखना चाहिए।

अभिनेता पुनीत इस्सर ने भी श्री शाह की आलोचना की। उन्होंने फिल्म उद्योग में श्री शाह के वरिष्ठ होने और उनके कद को तो माना लेकिन राजनीतिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर उनके चुनिंदा रवैये पर सवाल उठाए। श्री इस्सर ने कहा, “श्री नसीरुद्दीन शाह हमारे वरिष्ठ हैं, वह हमारे शिक्षक रहे हैं। उनका सम्मान है, वह एक बहुत अच्छे कलाकार हैं लेकिन मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि जब आप बात करते हैं, तो आपको चुनिंदा तरीके से बात नहीं करनी चाहिए।”श्री इस्सर ने कहा कि श्री शाह को अपने विचार रखने और सरकार की आलोचना करने का पूरा अधिकार है लेकिन सार्वजनिक हस्तियों को उन लोगों के खिलाफ भी बोलना चाहिए जो राष्ट्रीय एकता के लिए खतरा हैं।

उन्होंने कहा, “आपको अपनी राय रखने का पूरा अधिकार है। आपको सरकार के खिलाफ बोलने का भी अधिकार है।” उन्होंने कहा कि जो लोग सरकार की नीतियों से असंतुष्ट हैं, वे चुनाव लड़ सकते हैं और जनता का समर्थन मांग सकते हैं। श्री इस्सर ने अन्य मुद्दों पर श्री शाह की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि आलोचना केवल उन्हीं मामलों तक सीमित नहीं होनी चाहिए जो किसी की अपनी राजनीतिक विचारधारा से मेल खाते हों। उन्होंने कहा, “इसीलिए मैं कहता हूं कि चुनिंदा आलोचना करना बहुत गलत बात है। जब राष्ट्रीय हित की बात आती है, तो जो लोग हमारे देश को बर्बाद करना चाहते हैं, जो हमारे देश के टुकड़े-टुकड़े करना चाहते हैं, जो भारत-विरोधी बातें करते हैं, आप उनके खिलाफ आवाज़ क्यों नहीं उठाते?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit