रात में बनारस में सोइये, सुबह दिल्ली में जागिये: अश्विनी वैष्णव

रात में बनारस में सोइये, सुबह दिल्ली में जागिये: अश्विनी वैष्णव

वाराणसी, 31 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बनारस स्टेशन से देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान वाराणसी जंक्शन से राजातालाब के लिए मेमू ट्रेन को भी रवाना किया गया। रेल मंत्री ने कहा कि आज से दस मेमू सेवाओं और दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत हो रही है।रेल मंत्री ने कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रियों के साथ लोको पायलट और अन्य कर्मचारियों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। ट्रेन में कर्मचारियों के लिए अलग बर्थ की व्यवस्था की गई है। बर्थ पर चढ़ने के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि यात्री रात में बनारस में सोकर सुबह दिल्ली में जाग सकेंगे।

श्री वैष्णव ने कहा कि शहरों के विस्तार के साथ यातायात की नई व्यवस्थाएं विकसित करना जरूरी है। इसी क्रम में वाराणसी सिटी और राजातालाब के बीच मेमू सेवा शुरू की जा रही है। यह सेवा काशी के युवाओं, व्यापारियों और दर्शनार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी। दूसरी मेमू सेवा प्रयागराज और वाराणसी को जोड़ेगी। रामबाग स्टेशन से वाराणसी के बीच यह ट्रेन प्रतिदिन चलेगी।उन्होंने बताया कि वाराणसी से राजातालाब के बीच मेमू ट्रेन का मासिक टिकट युवाओं के लिए 95 रुपये निर्धारित किया गया है। इससे युवा पूरे महीने आराम से यात्रा कर सकेंगे। वहीं, प्रयागराज से वाराणसी के बीच विद्यार्थियों के लिए मासिक टिकट 220 रुपये का होगा।

श्री वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलेट ट्रेन के उत्तर कॉरिडोर को मंजूरी दी है। यह कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ेगा। आगे इसका विस्तार वाराणसी और पटना होते हुए गुवाहाटी तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना देश के लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगी। युवाओं के सपनों, मध्यम वर्ग और आम नागरिकों के लिए यह परिवर्तन वर्षों तक यादगार रहेगा।रेल मंत्री ने कहा कि बुलेट ट्रेन के संचालन से दिल्ली से आगरा की दूरी 59 मिनट में, जबकि दिल्ली से लखनऊ की दूरी दो घंटे 12 मिनट में तय की जा सकेगी। इसी तरह वाराणसी से दिल्ली का सफर तीन घंटे 33 मिनट में पूरा होगा। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को फ्लाइट की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन की डिजाइन से लेकर निर्माण तक मेक इन इंडिया के तहत तेजी से काम किया जा रहा है।

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब राज्य को रेलवे के लिए महज एक हजार करोड़ रुपये का बजट मिलता था। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दोनों दलों ने उत्तर प्रदेश के साथ अन्याय किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब प्रदेश को रेलवे के लिए 20 हजार करोड़ रुपये का बजट मिल रहा है।उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों के हितों की रक्षा तथा विकास कार्यों को गति देने का काम भाजपा और एनडीए ही कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit