प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशवासी नए भारत का दर्शन कर रहे हैं, आधुनिक रेलवे नए भारत की पहचान: योगी

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशवासी नए भारत का दर्शन कर रहे हैं, आधुनिक रेलवे नए भारत की पहचान: योगी

वाराणसी, 31 अक्टूबर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि के रूप में जाना जाता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशवासी नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर एक भारत, श्रेष्ठ भारत और अखंड भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद करना हम सभी के लिए गौरव का विषय है।मुख्यमंत्री ने शनिवार को वाराणसी में आयोजित बनारस स्टेशन पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के उद्घाटन शुभारंभ के अवसर पर कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रयासों से भारतीय रेलवे का व्यापक आधुनिकीकरण हुआ है। रेलवे, जो आम आदमी और बुजुर्गों के आवागमन का प्रमुख साधन है, आज आधुनिक सुविधाओं और तकनीक से लैस हो रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें रेलवे के विकास को लेकर केवल आश्वासन देती थीं और तारीख पर तारीख मिलती थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में रेलवे का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस है। यह आठ से नौ घंटे में लंबी दूरी तय करने में सक्षम होगी। उन्होंने कहा कि कम खर्च में यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।योगी ने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बनने से मालगाड़ियों के लिए अलग रेल लाइन उपलब्ध हुई है। इससे माल की ढुलाई तेज, सुरक्षित और समयबद्ध हो रही है। मालगाड़ियों की गति में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में बुलेट ट्रेन के माध्यम से काशी से दिल्ली की दूरी महज साढ़े तीन घंटे में तय की जा सकेगी। यह सुविधा हवाई जहाज की तुलना में कम किराये पर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 157 रेलवे स्टेशनों को अत्याधुनिक सुविधाओं से विकसित किया गया है। इन स्टेशनों पर पहुंचने वाले यात्रियों को अब एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का अनुभव हो रहा है। उन्होंने वर्ष 2014 से पहले की रेलवे व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय रेलवे स्टेशनों और पटरियों की स्थिति अच्छी नहीं थी। आज रेलवे के बुनियादी ढांचे में व्यापक बदलाव आया है।उन्होंने कहा कि जिन लोगों को भारत का विकास पसंद नहीं है, वे विकास कार्यों पर सवाल उठाते हैं, लेकिन देश की बदलती तस्वीर रेलवे स्टेशनों, रेल पटरियों और आधुनिक परिवहन सुविधाओं में साफ दिखाई दे रही है।

योगी ने वाराणसी में आयोजित एयर शो का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे करीब 25 लाख लोगों ने देखा। कार्यक्रम का आयोजन भारत के सबसे बड़े घाटों में शामिल नमो घाट पर किया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े कार्य को पूरा करने के लिए इच्छाशक्ति और संकल्प जरूरी है। दीपावली और छठ पर्व से पहले वाराणसी के लोगों को नई रेल सेवा के रूप में यह विशेष उपहार मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit