2027 में सपा सरकार बनने पर आजम खान को न्याय दिलाया जाएगा: शिवपाल यादव

2027 में सपा सरकार बनने पर आजम खान को न्याय दिलाया जाएगा: शिवपाल यादव

इटावा, 02 नवंबर। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) आजम खान को लगातार परेशान कर रहे हैं तथा उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं।इटावा शहर स्थित कर्मक्षेत्र महाविद्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल से जुड़े कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे शिवपाल यादव ने पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और भाजपा नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन से घबराई हुई है। भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान में विश्वास नहीं करती। यह सरकार कुछ ही दिनों की मेहमान है और जल्द ही सत्ता से बाहर होगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की जनता के लिए जो काम किए हैं, उनसे भाजपा में बेचैनी है। इसी कारण विपक्षी नेताओं के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी की जा रही है।उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री और राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने संबंधी बयान पर शिवपाल ने कहा कि उनकी सोच बहुत छोटी है। किसी के बारे में इस तरह की बातें करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि केशव मौर्य अभी तक न तो लोकसभा पहुंच सके और न ही विधानसभा। जनता ने उन्हें दो बार हराया है। इसी खीझ में वह इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं।

स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा अखिलेश यादव को ‘पिद्दी’ कहे जाने संबंधी सवाल पर शिवपाल ने कहा कि उनकी सोच बेहद घटिया है। आगे देख लीजिए, उन्हें कुछ हासिल नहीं होने वाला है। वहीं, ओमप्रकाश राजभर की ओर से अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह राजभर के बारे में पहले ही बहुत कुछ कह चुके हैं। उनकी भी सोच छोटी है और वह छोटे ही रहेंगे।आजम खान की गिरफ्तारी को लेकर शिवपाल ने कहा कि उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं। अदालत से जमानत मिलने के बावजूद उन्हें घर नहीं जाने दिया गया और घर के गेट पर ही ईडी के अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और ईडी लगातार आजम खान को परेशान कर रही हैं।

शिवपाल ने कहा कि आजम खान ने चंदा एकत्र करके विश्वविद्यालय बनवाया था, लेकिन सरकार उनके खिलाफ झूठे आरोप लगा रही है। आजम खान समाजवादी पार्टी के बड़े नेता हैं और भाजपा को डर है कि उनके बाहर आने से प्रदेश की राजनीति में पार्टी की मुश्किलें बढ़ेंगी।उन्होंने कहा कि आजम खान को न्याय मिलना चाहिए। भाजपा को इस बात का डर है कि समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन के मजबूत होने से प्रदेश में उसकी सत्ता जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit