भाजपा सरकार में बजट की लूट, हर विभाग में घपले-घोटाले और भ्रष्टाचार : अखिलेश

भाजपा सरकार में बजट की लूट, हर विभाग में घपले-घोटाले और भ्रष्टाचार : अखिलेश

लखनऊ, 8 अगस्त । समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में बजट की लूट चल रही है और हर विभाग में घपले, घोटाले तथा भ्रष्टाचार व्याप्त है।श्री यादव ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि झूठ, लूट और बेईमानी भाजपा सरकार की पहचान बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में एक्सप्रेस-वे समेत अन्य निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं और हाल में बने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे की स्थिति इसका उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में निर्मित अन्य सड़कों का भी यही हाल है। सड़कों के निर्माण में मानकों की अनदेखी और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सबसे महंगा एक्सप्रेस-वे दर्जनों स्थानों पर धंस गया है। सपा अध्यक्ष ने जल जीवन मिशन को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह योजना भाजपा सरकार में लूट का मिशन बन गई है।श्री यादव ने कहा कि, प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई कई पानी की टंकियां या तो टूटकर गिर गईं अथवा पानी भरते ही क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पानी की टंकियां भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार का भार तक नहीं सह पा रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता को विकास के नाम पर केवल धोखा दिया है और हर वर्ग सरकार से निराश है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर डीएपी और यूरिया खाद नहीं मिल पा रही है तथा किसान खाद के लिए भटकने को मजबूर हैं।सपा प्रमुख ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अस्पतालों में गरीबों को समुचित इलाज नहीं मिल रहा है। मेडिकल कॉलेजों के नाम पर जिलों में केवल इमारतें खड़ी हैं, जबकि वहां पर्याप्त संख्या में चिकित्सक, प्रोफेसर और तकनीकी कर्मचारी उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण मरीजों को निजी अस्पतालों में इलाज कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह विफल हो गई है और जनता उसकी वास्तविकता जान चुकी है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार और उसके कथित भ्रष्टाचार की पोल लगातार खुल रही है तथा प्रदेश की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाकर उसके कथित भ्रष्टाचारी शासन का अंत कर देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *