
लखनऊ, 22 सितम्बर। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 34 अधिकारियों का तबादला कर दिया।इस फेरबदल में कानपुर नगर समेत नौ जिलों के जिलाधिकारियों को हटाया गया है। महोबा, बिजनौर और बागपत की महिला जिलाधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा हरदोई, अमेठी, कुशीनगर, संत कबीर नगर और पीलीभीत समेत कई जिलों में नए जिलाधिकारियों की तैनाती की गई है।
तबादला सूची के अनुसार, हरदोई के जिलाधिकारी अनुनय झा को मुरादाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है। अमेठी के जिलाधिकारी संजय चौहान को कुशीनगर भेजा गया है, जबकि कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।संत कबीर नगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार को पीलीभीत और पीलीभीत के जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह को बलिया का जिलाधिकारी बनाया गया है। राज्य कर विभाग के विशेष सचिव राहुल पांडेय को हरदोई का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मौली को एटा का जिलाधिकारी बनाया गया है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक को संत कबीर नगर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इन्वेस्ट यूपी के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शशांक चौधरी को अमेठी का जिलाधिकारी बनाया गया है।मुरादाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल को बागपत का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि सिंचाई, जल संसाधन एवं परती भूमि विकास विभाग के विशेष सचिव अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। महोबा की जिलाधिकारी गजल भारद्वाज को इन्वेस्ट यूपी का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। बिजनौर की जिलाधिकारी जसजीत कौर को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं, बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल को पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।
महोबा में नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के विशेष सचिव प्रभास कुमार को जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। बिजनौर में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के विशेष सचिव उमेश प्रताप सिंह को जिलाधिकारी बनाया गया है। हाथरस में नगर विकास विभाग के विशेष सचिव सत्य प्रकाश सिंह पटेल को जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कानपुर नगर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का निदेशक बनाया गया है। मुरादाबाद के जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया को कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।हमीरपुर के जिलाधिकारी अभिषेक गोयल को नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। एटा के जिलाधिकारी अरविंद सिंह को खाद्य एवं रसद विभाग का विशेष सचिव और हाथरस के जिलाधिकारी अतुल वत्स को राजस्व विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।