लखनऊ में ट्रिपल मर्डर के आरोपी के घर चला बुलडोजर,थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

लखनऊ में ट्रिपल मर्डर के आरोपी के घर चला बुलडोजर,थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

लखनऊ 27 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में सोमवार को तिहरे हत्याकांड पर गंभीर रुख अख्तियार करते हुये प्रदेश सरकार के निर्देश पर मंगलवार रात मुख्य आरोपी के घर को बुलडोजर से ढहा दिया गया और उसकी कार को जब्त कर लिया गया। इससे पहले पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली थी। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में सआदतगंज के थना प्रभारी,कश्मीरी मोहल्ला के चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस बीच उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पीड़ित परिवार के घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार की हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।गौरतलब है कि सोमवार को कार पार्किंग के मामूली विवाद में ब्राह्मणी टोला निवासी ऋषभ शुक्ला ने अपने पड़ोसी शिवा तिवारी,भाई शंभू तिवारी और पुत्र सुयश तिवारी की गोली मार कर हत्या कर दी थी। हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद मृतक के परिजनो और क्षेत्रीय लोगों ने आज सुबह मंसूर नगर चौराहे पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लोग आरोपी की फांसी की मांग कर रहे थे।

पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक सआदतगंज, संतोष कुमार आर्य व चौकी प्रभारी कश्मीरी मोहल्ला, उप निरीक्षक अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इस मामले में फायरिंग के आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त पिस्टल एवं चार4 खोखा कारतूस बरामद किये गये और उसके न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया गया।

उधर, क्षेत्रीय लोगों के प्रदर्शन के बीच उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हे सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होने कहा कि आरोपी के घर अवैध निर्माण पर बुलडोजर की कार्रवाई की जायेगी। मृतक के परिवार के एक सदस्य को नगर निगम में नौकरी और पुत्री को आजीवन शिक्षा की व्यवस्था सरकार करेगी। आरोपी के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जायेगी।मंंगलवार देर रात लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधिकारी आरोपी के घर पहुंचे और उसे सील कर दिया। बाद में बुलडोजर चला कर उसका अवैध निर्माण ढहा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit